जिले के बास्केटबॉल खिलाड़ी सुशांक कुमार सिंह का चयन चेन्नई स्थित राष्ट्रीय बास्केटबॉल एकेडमी में हुआ है। वे भारतीय बास्केटबॉल संघ द्वारा संचालित
राष्ट्रीय बास्केटबॉल अकादमी (चेन्नई) में खेल की बारीकियां सीखेंगे। इसकी जानकारी शुक्रवार को भारतीय बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से वाराणसी जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव डॉ़ अशोक कुमार सिंह को दी।
डॉ़ अशाेक कुमार सिंह ने बताया कि सुशांक कई बार उत्तर प्रदेश की टीम में वाराणसी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन हुआ है। बलिया जनपद के मूल निवासी सुशांक अपनी मां के साथ लक्ष्मणपुर शिवपुर इलाके में किराये के मकान में रहते हैं। उनके पिता सुनील सिंह बिहार में अध्यापक हैं। बताया कि सुशांक उदय प्रताप कॉलेज के बास्केटबॉल कोर्ट पर अभ्यास करते हैं। उनके चयन पर जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, राघवेंद्र सिंह, राहुल सिंह आदि शुभकामनाएं दी हैं।