भारतीय कुश्ती टीम ने एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में सात समंदर पार तिरंगे की शान बढ़ा दी है। ओमान की राजधानी जॉर्डन में 22 से 26 जून तक हुई एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने आठ स्वर्ण और एक रजत समेत नौ पदक अपने नाम कर पहला स्थान हासिल किया है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. हरीराम यादव को भारतीय कुश्ती संघ ने एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय कुश्ती टीम अंडर-17 का कोच नियुक्त किया था। डॉ. यादव के टिप्स से सबक लेकर टीम ने कमाल कर दिया। इस उपलब्धि पर बीएचयू में शनिवार को खुशी मनाई गई। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. एसबीएस राजू, महासचिव प्रो. बीसी कापड़ी, कुश्ती के अध्यक्ष प्रो. ओपी सिंह, डॉ. संजय यादव, सचिव प्रो. अर्चना सिंह, डॉ. राजीव सिंह आदि ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है।