राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने शुरू हो गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। इसमें चयनित छात्रों को कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के दौरान हर साल 12 हजार रुपये मिलेंगे।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता छात्रवृत्ति के लिए आठवीं पास कर नौवीं कक्षा में गए छात्र आवेदन कर सकते हैं। पिछले साल जिले में 733 छात्र-छात्राओं ने छात्रवृत्ति पाई थी जबकि इस साल 800 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले में इस परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी और राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रवृत्ति परीक्षा योजना के तहत शैक्षिक सत्र 2024-25 के लाभार्थियों का डाटा नेशनल स्काॅलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर अपलोड करने के लिए पोर्टल खुल गया है। साथ ही 2023-24, 2022-23, 2021-22 में उत्तीर्ण एवं चयनित लाभार्थियों के लिए जल्द ही पोर्टल खुलने जा रहा है।
बताया कि 31 अगस्त तक छात्र आवेदन कर सकेंगे। वहीं, 15 सितंबर तक विद्यालय स्तर (संस्थान नोडल अधिकारी) छात्रों के फाॅर्म को सत्यापित करेंगे। इस वर्ष किसी भी परिस्थिति में आवेदन की तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। परीक्षा में उत्तीर्ण एवं चयनित होने के बाद छात्रों को कक्षा 9 से लेकर कक्षा 12 तक राजकीय/अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय में अध्ययन करने पर 12000 प्रतिवर्ष के अनुसार कुल 48000 की छात्रवृत्ति मिलेगी।