दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में करीब 28 घंटे से अधिक समय तक डायलिसिस सेवा ठप होने की वजह से मरीजों का जो बैकलॉग हो गया था, उसे पांच शिफ्ट में काम कराकर पूरा कर लिया गया। जिन मरीजों को वापस किया गया था उन्हें रविवार को फोनकर बुलाया गया और उनकी डायलिसिस की गई। रविवार देर शाम जाकर स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद अस्पताल कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
जिला अस्पताल में किडनी के मरीजों के लिए निशुल्क डायलिसिस की सुविधा है। 24 बेड वाले डायलिसिस सेंटर पर हर दिन तीन शिफ्ट में 72 मरीजों की डायलिसिस होती है। यहां आरओ सिस्टम खराब होने की वजह से 19 जुलाई की सुबह से 20 की दोपहर तक डायलिसिस ठप थी। इस कारण 113 मरीजों को बिना डायलिसिस कराए लौटना पड़ा। जब सिस्टम सही हुआ तो मरीजों का दबाव कम करने के लिए पांच शिफ्ट में डायलिसिस करने का निर्णय अस्पताल प्रशासन ने लिया। डायलिसिस सेंटर प्रभारी नृपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सभी मरीजों की डायलिसिस रविवार की शाम तक पूरी हो गई। सोमवार से नए मरीजों की डायलिसिस करने के साथ ही आरओ सिस्टम की विशेष निगरानी की जाएगी, जिससे कि कोई परेशानी मरीजों को न हो।