राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, नई दिल्ली के 18 अधिकारियों का हाई लेवल डेलीगेशन तीन दिवसीय दौरे पर बनारस पहुंचा। डेलीगेशन को वीडीए में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विकास की योजनाओं की खूबियां बताईं गईं।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार सारनाथ में चल रहे प्रो-पुअर योजनाओं के बारे में बताया गया। इस योजना से वेंडरों के जीवन स्तर मेंं सुधार आएगा। उन्हें ई-कार्ट मुहैया कराया जा रहा है। इसके अलावा बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। ट्रांसपोर्ट नगर योजना से शहर में बड़े वाहन नहीं आएंगे। उद्योग लगाने वालों को एक ही जगह सभी प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी।
इसके अलावा वीडीए उपाध्यक्ष ने रोपवे के बारे में बताया। यहां पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रोपवे शुरू होने वाली है। रोपवे का काम तेजी से चल रहा है। जून तक ट्रायल रन होगा। डेलीगेशन के सभी सदस्याओं को वीडीए उपाध्यक्ष ने उपहार स्वरूप डायरी भेंट की।