परिषदीय विद्यालयों में 6 साल पूरा होने पर ही कक्षा एक में प्रवेश दिया जाएगा। पहले 1 अप्रैल तक छह साल पूरा करने वाले बच्चों को दाखिला लिया जाता था। लेकिन अब 31 जुलाई 2024 तक 6 साल पूरा करने वाले बच्चों का भी एडमिशन हो सकेगा। इससे अभिभावकों को राहत के साथ स्कूलों में छात्रों की संख्या बढ़ सकेगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने अपने आदेश में बदलाव किया है। प्राथमिक विद्यालयों में पहले केवल उन्हीं बच्चों का एडमिशन लिया जाता था, जिनकी आयु 1 अप्रैल यानि सत्र शुरू होते समय 6 साल पूरी होती थी। एडमिशन में बच्चों की संख्या में कमी होने के बाद आदेश की समीक्षा की गई। इस समस्या को देखते हुए आदेश में बदलाव करते हुए 31 जुलाई 2024 तक 6 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों को कक्षा 1 में प्रवेश देने का निर्णय लिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा एक में दाखिला 6 साल पूरा होने पर किया जाएगा। लेकिन अब आयु की गणना 31 जुलाई 2024 से की जाएगी। यह आदेश सिर्फ सत्र 2024-2025 के लिए ही प्रभावी होगा।