दो-तीन दिन से दिन में बादलों की आवाजाही के बाद रविवार को मौसम बदल गया। अधिकतम तापमान बढ़कर 41.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यूपी में बांदा के बाद दूसरा सबसे गर्म शहर बनारस रहा। काशी में भी मानसून की संभावित तिथि 20 जून है। माना जा रहा है कि यहां भी जून के दूसरे सप्ताह तक मानसून पहुंच सकता है। रविवार को सुबह से मौसम साफ रहा और धूप भी रही। दोपहर में गर्म हवाओं के चलने की वजह से दो पहिया और पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घर आने के बाद भी उमस से राहत नहीं मिल सकी। रविवार काे न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा। प्रदेश स्तर पर टॉप तीन जिले के तापमान की अगर बात करें तो बांदा 44 डिग्री सेल्सियस के साथ पहले नंबर पर रहा जबकि वाराणसी 41.8 से दूसरे, गाजीपुर 41.5 डिग्री सेल्सियस के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यूपी आंचलिक मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार इस सप्ताह से मौसम में बदलाव के आसार हैं। इस दौरान तेज हवाओं के चलने के साथ ही तापमान में भी उतार-चढ़ाव की संभावना है।