वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के गुरवट गांव में मंगलवार रात दंपती की हत्या की गई थी। पहले पति संतोष सिंह की लोअर के नाड़े से गला कसकर हत्या की गई। उसके बाद पत्नी आरती को फावड़े से वार कर मौत के घाट उतारा गया था। दंपती के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आए हैं। एक्सपर्ट के अनुसार, हत्या में तीन से चार लोगों के शामिल होने की आशंका है। डीसीपी वरुणा जोन ने तीन टीमें हत्या की गुत्थी को सुलझाने में लगी हैं। संपत्ति और पारिवारिक विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। रात में दोनों के परिजन शव को अलग-अलग अंत्येष्टि के लिए ले गए।
पुलिस के अनुसार, पुलिस की एक टीम अंबेडकर नगर में संतोष के परिजनों, रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। दूसरी टीम आरती के परिजनों, रिश्तेदारों और तीसरी टीम आसपास के गांव में तफ्तीश कर रही है। संपत्ति, पारिवारिक और पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं पर मामले की तफ्तीश की जा रही है। मंगलवार को दंपती की मौत के मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की जांच और तेज हो गई है।
मंगलवार भोर में कमरे से जलने की बदबू आने पर आरती के कमरे में पिता बाबूलाल गए तो उसका शव बिस्तर पर पड़ा था और अन्य सामान अधजले थे। कमरे में एक खून लगा फावड़ा और आरती के बाएं शरीर पर चोट के निशान, मुंह से खून निकल रहा था। जबकि संतोष लापता था। ग्रामीणों की खोजबीन में कमरे से डेढ़ किमी दूर पिच रोड पर दामाद संतोष का शव पड़ा था। संतोष के गले में लोअर की रस्सी बंधी हुई थी और कान से खून निकल रहा था।