वाराणसी के मिर्जामुराद कोसड़ा चक्रपानपुर स्थित खेत में पुआल के अंदर मिले अधजले शव का पुलिस डीएनए टेस्ट कराएगी। वहीं गौर गांव के रहने वाले प्रकाश मिश्र उर्फ सुग्गन पंडित (45) की गुमशुदगी को भी इस घटना से जोड़कर पुलिस तफ्तीश कर रही है। अधजले शव और सुग्गन के भाई का डीएनए लिया जाएगा। परिजन सोमवार को थाने पहुंचकर सुग्गन के फोटो और मोबाइल नंबर पुलिस को दिए। वहीं दूसरी ओर थाने की पुलिस दोबारा खेत में पहुंचकर पुआल से शव के अवशेष भी लिया। सुग्गन के संपर्क में रहने वाले उसके दोस्त और करीबियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
गौर गांव निवासी अभय मिश्रा के कोसड़ा स्थित खेत में रखे गए पुआल से रविवार की भोर में अधजला शव बरामद हुआ था। फोरेंसिक टीम ने मौके से अवशेष बरामद किए थे। आशंका जताई गई कि किसी करीबी ने ही शराब पिलाने के बाद पुआल में जलाकर युवक को मारा डाला। घटना के दूसरे दिन वारदात स्थल पर पहुंचे उप निरीक्षक अजीत यादव ने पुआल के राख का जाली से छानकर अवशेष बरामद किया। परीक्षण के लिए अवशेष को फोरेंसिक टीम को भेजा गया।
वहीं गौर गांव के रहने वाले बेचन मिश्र और गुड्डू मिश्र ने थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया कि भाई प्रकाश मिश्र उर्फ सुग्गन पंडित शनिवार से गायब है। वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर निजी बस में परिचालक सुग्गन के मोबाइल नंबर और उसके दोस्तों से पुलिस पूछताछ कर रही है। अधजले शव और सुग्गन पंडित की गुमशुदगी को केंद्र में रखकर पुलिस तफ्तीश कर रही है। अविवाहित सुग्गन की तलाश में पुलिस की टीमें गठित की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि अधजले शव और सुग्गन के भाई का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। रिपोर्ट के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है। फिलहाल कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।