वाराणसी में एक ढाबा संचालक की गला रेतकर कर दी गई। सुबह जब उसका भाई ढाबे पर पहुंचा तो अपने भाई को मृत अवस्था में देख शोर मचाए हुए रोने बिलखने लगा। देखते ही देखते घटना स्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने घटना स्थल को बैरिकेड कर जांच में जुट गई।
वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र के भेड़हरा बस्ती (खोचवा) में नेशनल हाइवे की सर्विस रोड से सटे एक ढाबे में संचालक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी पाकर मौके पर भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर जाम लगा दिया। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर प्रभावी कार्रवाई के पुलिस के आश्वासन पर लगभग तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। प्रकरण को लेकर ढाबा संचालक की पत्नी की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा मिर्जामुराद थाने में दर्ज किया गया है। वारदात की वजह पुरानी रंजिश और शराब पीने के दौरान हुआ विवाद बताया गया है।
विज्ञापन
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खोचवा गांव के रहने वाले अमित पांडेय उर्फ मोनू (30) भेड़हरा बस्ती (खोचवा) में नेशनल हाइवे की सर्विस रोड के किनारे ढाबा संचालित करता था। शुक्रवार रात अमित अपने ढाबे पर ही था। शुक्रवार सुबह ढाबे से कुछ दूरी पर रहने वाले महेश विश्वकर्मा के बेटे लाला ने अमित को मृत पड़ा देख कर उसके भाई विशाल और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर अमित का छोटा भाई विशाल और मिर्जामुराद थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
परिजन और ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए वाराणसी-प्रयागराज हाईवे को जाम कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चार और थानों की फोर्स के साथ पुलिस अफसर घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के डीसीपी गोमती जोन विक्रांत वीर के आश्वासन पर परिजन और ग्रामीण जाम खत्म कर दिए। हालांकि थोड़ी ही देर बाद सभी ने फिर जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर पुलिस ने फिर शांत कराया और आरोपियों के घर पर दबिश के लिए फोर्स भेजी गई।
विज्ञापन
अंतत: 10 बजे के लगभग लोग शांत हुए और जाम खत्म हुआ। इस संबंध में मिर्जामुराद थानाध्यक्ष आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।