वाराणसी। मिंट हाउस पर चेकिंग के दौरान शनिवार को नदेसर चौकी प्रभारी अशोक कुमार के सामने एक किशोरी अचानक गश खाकर गिर पड़ी। समीप ही मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने किशोरी को कुर्सी पर बैठाकर उसका नाम-पता पूछा। इस पर किशोरी ने बताया कि परिजनों की डांट से नाराज होकर वह कीटनाशक पदार्थ खाकर घर से निकल आई है। आननफानन में पुलिस उसे मंडलीय अस्पताल ले गई। चौकी प्रभारी की सूचना पर शिवपुर थाना के लक्ष्मणपुर में रहने वाले किशोरी के पिता आए। किशोरी के पिता ने चौकी प्रभारी का आभार जताया और कहा कि उनकी सक्रियता के कारण ही उनकी बेटी भी मिल गई और उसकी जान भी बच गई।