फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की 10 खबरें एक क्लिक मेंः फर्म पर लगा एक लाख का जुर्माना, सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो पर केस

Wed, 03 Apr 2024 11:08 PM IST
अमन विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

Varanasi Latest News: वाराणसी जिले में बुधवार को कई घटनाएं सामने आईं। इसमें जहां एक युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी तो वहीं, छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो लोगों पर केस दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें....
विज्ञापन
वाराणसी की दस खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

1. फैक्ट्री के मजदूर ने फंदे पर लटककर दी जान

विज्ञापन

भवानीपुर में पंखे की कंपनी में काम करने वाले मजदूर ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। बुधवार सुबह पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बिहार सिवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के तेलिया सागर निवासी राजू यादव (45) परिसर में टिनशेड के कमरे में रहता था। सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर साथी उसे उठाने पहुंचे।

इस दौरान खिड़की से देखा कि राजू पंखे की कुंडी से गमछे के सहारे लटका हुआ था। इसकी सूचना मजूदरों ने फैक्ट्री मालिक को दी। बिहार से परिजन भी पहुंच गए। जनवरी में वह घर से कंपनी में काम करने आया था। पुलिस के अनुसार, खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। राजू को एक बेटी और दो पुत्र हैं। 
विज्ञापन


2. पशु तस्करी के आरोप में एक को पकड़ा
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रमदतपुर में बुधवार को पशु तस्करी के आरोप में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस को उसके कब्जे से नशीला इंजेक्शन भी बरामद हुआ। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

3. खरबूजे से भरा मैजिक ट्रैक्टर से टकराया, दो घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र बहरामपुर गांव के पास हाइवे पर बुधवार को खरबूजे से भरे मैजिक वाहन और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। मैजिक चालक समेत दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया। मैजिक पर लदा खरबूजा हादसे के बाद हाइवे पर फैल गया।

4. फर्म पर लगाया एक लाख का जुर्माना
लालपुर आवासीय योजना में कराए जा रहे नाली और बरसाती पानी निकासी के कार्य का वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने चेतावनी के बावजूद लक्ष्य को पूरा न करने, मजदूरों की संख्या न बढ़ाने पर नाराजगी जताई। ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई और फर्म मेसर्स सहस्राब्दी कंस्ट्रक्शन पर एक लाख का जुर्माना लगाया। साथ ही फर्म को ब्लैक लिस्ट करने का नोटिस दिया।

5. छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो पर केस
शिवपुर में गेस्ट हाउस में 11वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में महिला थाने में दो आरोपियों के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया। महिला थाना प्रभारी निकिता सिंह ने बताया कि पुलिस गिरफ्तारी को लेकर दबिश दे रही है। आरोपी प्रिंस गुप्ता और उत्कर्ष चौहान चांदमारी के रहने वाले हैं। बड़ागांव थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा का आरोप है कि पहले से परिचित दोनों उसे गेस्ट हाउस ले गए। उसे जबरन शराब पिलाई और सामूहिक दुष्कर्म किया। 

छात्रा का आरोप था कि शिवपुर थाने में शिकायत करने पहुंची तो एफआईआर दर्ज नहीं की गई। साथ ही उसे भगा दिया गया। बाद में उसने संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. के. एजिलरसन से गुहार लगाई। थाना प्रभारी शिवपुर को फटकार लगाते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच महिला थाना पुलिस को सौंपी।

6. फेसबुक पर असलहा के साथ फोटो पोस्ट करने वाला गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर अवैध असलहे के साथ पोस्ट वायरल मामले में आरोपी को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने बेनीपुर पोखरा से गिरफ्तार किया। साथ ही उसके कब्जे से अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी जितेंद्र कुमार निवासी रमरेपुर ने पिस्टल के साथ अपनी फोटो फेसबुक पर अपलोड की थी, जो वायरल हो गई।

7. बंदी की हार्ट अटैक से मौत
पांडेयपुर स्थित मानसिक अस्पताल में उपचार के दौरान हत्या के आरोपी बंदी की बुधवार को मौत हो गई। गाजीपुर जिला जेल से बंदी को एक अप्रैल को मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कासीमाबाद निवासी प्रवीण राय उर्फ पप्पू (50) की मंगलवार शाम में तबीयत बिगड़ी और बुधवार सुबह सीने में दर्द के बाद लूज मोशन हुआ। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मानसिक अस्पताल के निदेशक डॉ. अशोक राय ने बताया कि बंदी को हार्ट अटैक आया था, जिसकी वजह से उसे लूज मोशन भी हुआ। कैंट पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। ब्यूरो

8. सीडीओ ने मतदान प्रशिक्षण स्थलों का किया निरीक्षण
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बुधवार को मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण किया। वह उदय प्रताप परिसर स्थित उदय प्रताप इंटर कॉलेज, रानी मुरार बालिका इंटर कॉलेज, उदय प्रताप पब्लिक स्कूल, राजश्री मैनेजमेंट स्कूल पहुंचे। बुनियादी सुविधाओं की जानकारी प्रधानाचार्याें से ली और गर्मी को देख व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए। 

9. गुरुवार को चार घंटे ठप रहेगी बिजली आपूर्ति
ऑपरेशनल कार्यों के कारण उदयपुर उपकेंद्र के क्षेत्रों में गुरुवार को सुबह 11 से 3 बजे तक चार घंटे, जबकि दौलतपुर और पांडेयपुर में सुबह 11 से दो बजे तक तीन घंटे आपूर्ति ठप रहेगी। अधिशासी अभियंता विरेंद्र सिंह ने बताया कि इस दौरान लाइन शिफ्टिंग का कार्य कराया जाएगा। वहीं, अधीक्षण अभियंता एसके सनौरिया के मुताबिक रानीपुर उपकेंद्र से संबंधित क्षेत्र में बिजली के तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा। इस दौरान सुबह 11 से दोपहर बाद दो बजे तक तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 

10. आदिनाथ ऋषभदेव का हुआ जलाभिषेक
जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ ऋषभदेव का जन्म एवं तप कल्याणक दिवस बुधवार को भगवान सुपार्श्वनाथ की जन्मस्थली भदैनी दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र में मनाया गया। 108 जलपूरित कलशों से जलाभिषेक हुआ। अनुयायियों ने दर्शन पूजन किया। विश्व में शांति के लिए शांतिधारा का पाठ हुआ।
विज्ञापन


प्रबंधक सुरेंद्र कुमार जैन के आचार्यत्व में भगवान आदिनाथ का पूजन हुआ। शाम को पूजन व आरती हुई। सांस्कृतिक संध्या में भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याण दिवस का वर्णन किया गया। पूजन में डॉ. बीसी अग्रवाल, ब्रह्मचारी आकाश जैन, संयक जैन, वीर जैन, अमन जैन, राहुल जैन आदि शामिल रहे।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें