वाराणसी। सावन की तैयारियों के मद्देनजर मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का जायजा लिया। बुधवार की देर शाम मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रही सावन की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने समय से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालक अधिकारी गौरांग राठी ने मंडलायुक्त को बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए तीन मार्ग तय किए गए हैं, जिनकी बैरिकेडिंग का कार्य शुरू हो गया है। आने और जाने के लिए अलग-अलग मार्ग होंगे। इन मार्गों पर बारिश की वजह से किसी प्रकार का कीचड़ ना हो इसके लिए उसको सही कराया जा रहा है। उसके ऊपर मैटिंग का कार्य कराया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को नंगे पांव चलने में किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो। श्रद्धालुओं के मार्ग में सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन, हैंडवॉश की व्यवस्था भी रखी जाएगी। मंडलायुक्त ने श्रद्धालुओं के सभी मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि परिसर में लाइटिंग, मैटिंग, साफ-सफाई की व्यवस्था पर्याप्त होनी चाहिए। इस निरीक्षण के दौरान एडिशनल कमिश्नर एके सिंह, एडीएम प्रोटोकॉल, एसपी सिटी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।