वाराणसी। पहले फेज में 30 यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद अब 22 मई से अन्य यात्री ट्रेनों को चलाने पर भी रेलवे ने हरी झंडी दे दी है। इसे देखते हुए स्टेशनों पर पिछले डेढ़ माह से बन्द पड़े खाद्य स्टालों और कैंटीन को खोलने पर भी रेलवे में मंथन शुरू हो गया है। उतर रेलवे के कैंट रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म एक और 5 नम्बर के बन्द पड़े स्टाल खोले जाएंगे। हलांकि इन स्टालों में किसी भी तरह का खुला सामान नहीं बिकेगा। सिर्फ पानी बोतल की बिक्री की जाएगी। वहीं अधिकारियों ने मंथन किया है कि स्टालों पर मास्क व सैनिटाइजर की बिक्री भी की जाए। कर्मियों को मिलेगा रोजगार एक तो बन्द पड़े खाद्य स्टाल खुलेंगे तो वहीं कर्मियों को रोजगार की भी दिक्कत नहीं होगी। अकेले सिर्फ कैंट स्टेशन पर लगभग 60 से अधिक स्टालों पर 150 से अधिक कर्मियों की तैनाती है। लॉकडाउन के बाद सभी कर्मी अपने-अपने घरों को कूच कर गए हैं। शहर सहित विभिन्न राज्यों के इन कर्मियों को बुलाने को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। रेल अधिकारियों के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग के आधार पर खाद्य स्टालों को खोला जा सकता है।