प्रयागराज में नॉन इंटरलॉकिंग के चलते डायवर्ट से थमी ट्रेन की रफ्तार, सुबह की ट्रेन गई दोपहर में और रात की आई भोर में
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। प्रयागराज स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते देश की सेमी हाईस्पीड वंदे भारत ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। ट्रेनें छह से सात घंटे की देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार की सुबह छह बजे खुलने वाली 22415 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस निर्धारित समय से साढ़े सात घंटे की देरी से दोपहर 1.30 बजे रवाना हुई। वहीं, दिल्ली से अपराह्न तीन बजे चलने वाली 22416 वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 6.15 घंटे की देरी से खुली और रात 11 बजे कैंट पहुंचने वाली यह ट्रेन रविवार की सुबह 4.30 बजे पहुंची। अपराह्न 3 बजे कैंट से खुलने वाली 22435 वंदे भारत अपने निर्धारित समय से चार घंटे की देरी से नई दिल्ली स्टेशन पहुंची।
कैंट स्टेशन स्थित पूछताछ काउंटर के कर्मियों ने बताया कि सुबह और दोपहर में चलने वाली वंदे भरत एक्सप्रेस की रफ्तार डायवर्जन के चलते प्रभावित है। वंदे भारत एक्सप्रेस प्रयागराज न जाकर लखनऊ होकर कानपुर के रास्ते नई दिल्ली से आवाजाही कर रही है। आईआरसीटीसी अधिकारियों के अनुसार सबसे अधिक दिक्कत खानपान को लेकर भी हो रही है। नाश्ता और भोजन के पैकेट खराब हो जा रहे हैं। जिन यात्रियों को वाराणसी, दिल्ली वाया कानपुर सफर करना है, वह यात्री भी छह-सात घंटे ट्रेनों के लेट होने से सशंकित है। कुछ यात्री अपनी यात्रा भी रद्द करवा रहे हैं।