वाराणसी। परीक्षा के बाद राजातालाब थाना क्षेत्र के पयागपुर में श्री प्रकाश इंटरमीडिएट कॉलेज में हंगामा हुआ। बोर्ड की परीक्षा के बाद छात्रों ने पीटने का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिया। परीक्षार्थियों का कहना था कि उनके साथ मारपीट की गई है। छात्रों का कहना था कि केंद्र पर विद्यालय की लड़कियां परीक्षा दे रही थी। उन्हें इशारे से सवालों के जवाब बताए जा रहे थे। विद्यालय प्रशासन का कहना था कि परीक्षा कैमरे की निगरानी में हो रही है। वहीं, परीक्षा खत्म होने के बाद परीक्षार्थी पंचकोशी रोड पर बैठ गए और जाम लगा दिया। आरोप लगाया कि विरोध करने पर शिक्षक और चपरासी ने दुर्व्यवहार किया और डंडे से मारा। थानाध्यक्ष राजातालाब ने बताया कि मौके पर मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव के प्रधानाचार्य और अभिभावकों को बुलाया गया। दोनों पक्षों में वार्ता के बाद मामला शांत हो गया। 7 बजे छात्र घरों को चले गए। संवाद