कक्षा 10 में महज 51 फीसदी अंक पाकर वह द्वितीय श्रेणी में पास हुए तो मन में ग्लानि हुई। इस मनोदशा ने उनकी जिंदगी का नजरिया ही बदल दिया और कक्षा 12 में मेहनत के बल पर उन्होंने गणित और विज्ञान विषयों से 80 फीसदी अंक हासिल कर खुद को साबित किया। वह यहीं नहीं रुके। विज्ञान के विद्यार्थी होते हुए भी स्नातक स्तर पर कला के विषयों भूगोल और शिक्षाशास्त्र से बीए किया और 65 फीसदी अंक अर्जित किया।
बात हो रही है बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले नजीर अहमद की। खास बात यह है कि नजीर ने स्कूल से लेकर कॉलेज तक की पढ़ाई अपने गांव और आसपास के स्कूल-कॉलेजों से की। गांव से शहर आकर कोचिंग की और साथ में एलआईसी एजेंट के रूप में काम करते हुए उन्होंने बीएड की प्रवेश परीक्षा में 338.66 स्कोर प्राप्त कर पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। चोलापुर के अल्लोपुर अमरपट्टी गांव निवासी नजीर अहमद ने बताया कि हाईस्कूल में सेकंड डिवीजन पास हुआ था। इसके बाद पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ गई। अपने गांव के समीप महावीर बाजार स्थित एलएचके स्टडी सेंटर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट पास करने के बाद चोलापुर के श्री प्रभु नारायण पीजी कॉलेज से 2023 में बीए किया। इस दौरान एयर फोर्स और इंडियन कोस्ट गॉर्ड आदि परीक्षाएं भी उत्तीर्ण की, लेकिन कभी मेडिकल तो कभी किसी अन्य परीक्षण में असफल हो गया। नजीर के पिता इंडियन ओवरसीज बैंक की नदेसर शाखा में बतौर क्लर्क तैनात हैं। नजीर ने कहा कि उनकी इच्छा एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर बनने की है।