बताया जाता है कि निर्माणाधीन शोरूम की एक जर्जर दीवार अचानक भहरा कर गिरने के कारण उसके मलबे के नीचे बच्चेलाल पाल, आयर के कपिलदेव और जौनपुर के चंदवक की उर्मिला देवी दब गए। मलबा हटाया गया तो बच्चेलाल पाल की मौत हो चुकी थी। इसे लेकर बच्चेलाल के साथ काम करने वाले कर्मचारी आक्रोशित हो उठे और वह निर्माणाधीन शोरूम के साथ ही अपनी कंपनी के मालिक को भी मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। वहीं, हादसे में बच्चेलाल की मौत की सूचना पाकर मौके पर पहुंची उसकी पत्नी मीरा पाल की हालत बेसुधों जैसी थी। परिजनों ने बताया कि बच्चेलाल दो बेटों और एक बेटी का पिता था।
सारनाथ क्षेत्र के लेढ़ूपुर और इमिलिया बाजार में शुक्रवार को सड़क हादसों में एक युवक और एक वृद्ध की मौत हो गई। रुस्तमपुर निवासी रवि यादव (28) ऑटो चलाता था। देर शाम ऑटो से घर जा रहा था। सारनाथ थाना क्षेत्र के लेढ़ूपुर स्थित पावर हाउस के समीप संदहा की ओर से आ रही सरकारी बस ने रवि के ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल रवि को समीप के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव लेकर घर चले गए। वहीं, मौका देख कर सरकारी बस लेकर चालक भाग गया।
उधर, चोलापुर थाना क्षेत्र के इमिलिया बाजार में पैदल जा रहे अल्लोपुर निवासी मिश्री राजभर (65) को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से घटनास्थल पर ही मिश्री राजभर की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह घर से इमिलिया गांव स्थित आम के बाग की ओर जा रहे थे। वहीं, हादसे के बाद बाइक सवार घटनास्थल से भाग निकला।