पशु चिकित्सा और पशुपालन में स्नातक कोर्स को मिलेगी मान्यता
भारतीय पशु चिकित्सा परिषद ने भारत सरकार को भेजी सिफारिश, हर साल 60 छात्रों का होगा दाखिला
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। बीएचयू में पशु चिकित्सा विज्ञान व पशुपालन में स्नातक पाठ्यक्रम (बीवीएससी एएच) को मान्यता मिल सकती है। 14 मार्च को 71वीं बैठक में भारतीय पशु चिकित्सा परिषद ने भारत सरकार को सिफारिश भेजी है। यह पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर बरकछा में चलाया जाता है। परिषद की सिफारिश मंजूर होने पर 2017-18 बैच के विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। हर साल 60 विद्यार्थियों को कोर्स में प्रवेश मिलेगा। साथ ही बीएचयू देश के उन चुनिंदा संस्थानों में शुमार हो जाएगा जो कि पशु चिकित्सा व पशुपालन में स्नातक की डिग्री देते हैं। कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन और कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. यशवंत सिंह ने संकाय के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दी हैं।