लंका चौराहे के पास टोटो में भारी मात्रा में मांस स्थानीय लोगो ने पकड़ा है। मौके पर पहुची पुलिस
ई-रिक्शा से लेकर लंका की ओर जा रहे थे दोनों युवक
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। लंका चौराहे के पास बुधवार रात ई-रिक्शा चालक समेत दो युवकों को लंका पुलिस ने पशुओं के मांस की तस्करी के आरोप में हिरासत में लिया। पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। देवरिया के रहने वाले सत्यम पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह दुर्गाकुंड के मानस नगर कॉलोनी में रहते हैं और फास्ट फूड का व्यापार करते हैं। रात 10 बजे के बाद वह बाइक से लंका की ओर जा रहे थे तो उन्हें एक ई-रिक्शा से बहुत दुर्गंध आई। चालक से पूछा कि बोरे में क्या है, जो कि इतना दुर्गंध उठ रहा है। रिक्शा चालक ने जवाब दिया कि मुर्गी का चारा है। सत्यम ने पुलिस को बताया कि उन्हें विश्वास नहीं हुआ और ई-रिक्शा को रुकवाना चाहा। इस पर चालक रफ्तार तेज कर भागने लगा। इस बीच उसे लंका चौराहे के पास पकड़ा। बाेरे की तलाशी ली तो पशुओं की हड्डी और मांस निकला। तभी दोनों युवकों को ई-रिक्शा समेत पकड़ा गया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि हड्डी बरामद हुई है, जिसकी जांच लैब से कराई जाएगी। दोनों युवकाें ने पूछताछ में बताया कि भैंस की हड्डी है, जो कि पुरानी है। कीड़े पड़ गए थे तो उन्हें फेंकने के लिए जा रहे थे।