वाराणसी। आने वाली गर्मी में शहर के एक बड़े हिस्से के रहवासियों को अघोषित बिजली कटौती से जूझना नहीं पड़ेगा। 132 केवी चोलापुर उपकेंद्र से 33 केवी की दो लाइनें निकालकर उनसे उदयपुर और गोइठहां बिजली घरों को जोड़ा जाएगा। इससे ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र को राहत मिलेगी और लाखों की आबादी को भीषण गर्मी में बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उदयपुर और गाेइठहां बिजली घर मौजूदा समय में बड़ा लालपुर उपकेंद्र से जुड़े हैं। इन पर आजमगढ़ रिंग रोड और पहड़िया के बीच के बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी है। 10-10 एमवीए के दोनों उपकेंद्रों से उदयपुर, सोएपुर, लमही, आजमगढ़ रिंग रोड, ओम नगर, गोइठहां, अकथा, बेला रोड, शंकरपुरम, सत्यम नगर कॉलोनी, सत्संग नगर, बेनी का तालाब समेत बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति होती है। गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने के बाद बिजली कटौती की समस्या बढ़ जाती है और बिजली दफ्तरों में शिकायतों की भरमार होने लगती है। चोलापुर 132 केवी उपकेंद्र से जुड़ने के बाद भार विभाजन होने से अघोषित बिजली कटौती से राहत मिलेगी।
बदले जाएंगे 150 जर्जर पोल
नगरीय विद्युत वितरण मंडल द्वितीय सर्किल में आने वाले 150 जर्जर बिजली पोलों को बदला जाएगा। इसके लिए निगम के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल चुकी है। आने वाले दो से तीन महीनों में इस कार्य को अमलीजामा पहना दिया जाएगा। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वर्जन
चोलापुर 132 केवी विद्युत उपकेंद्र से शहर के उदयपुर और गोइठहां बिजली घरों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए दो लाइनें प्रस्तावित हैं। लोगों को बिजली कटौती की समस्या से राहत दिलाने के लिए यह काम प्राथमिकता से कराया जा रहा है। -
- अनूप कुमार वर्मा, अधीक्षण अभियंता, नगरीय विद्युत वितरण मंडल, द्वितीय