महाराष्ट्र कुश्ती संघ की ओर से औरंगाबाद में 27 से 30 अप्रैल तक अंडर-17 राष्ट्रीय सब जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप खेली जा रही है। वाराणसी कुश्ती संघ अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बताया कि पहले दिन 28 अप्रैल को बालिका वर्ग की प्रतियोगिता हुई। इसमें यूपी टीम के छह खिलाड़ियों ने 126 अंक बनाकर ओवरऑल छह कांस्य पदक जीते। इसमें वाराणसी की दो खिलाड़ियों आकांक्षा और पायल ने कांस्य पदक जीता है। उत्तर प्रदेश की बालिका कुश्ती टीम में वाराणसी की दो बालिका पहलवान प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहीं है। इसमें बीएचयू के शिवाजी हॉल की खिलाड़ी आकांक्षा यादव ने 46 किलो में और पायल यादव ने 73 किलो में कांस्य पदक जीतने में कामयाब हुईं। आकांक्षा और पायल यादव विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. हरिराम यादव की देखरेख में नियमित अभ्यास करती हैं। यूपी टीम में बालक वर्ग के खिलाड़ी लालू यादव बृहस्पतिवार को फ्रीस्टाइल में खेलेंगे। यूपी टीम के कोच वाराणसी के राम सजन यादव और उमेश यादव के अलावा अंकित तिवारी, विभा मौर्य टीम के साथ उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर यूपी कुश्ती संघ के अध्यक्ष करण भूषण सिंह, सुरेश चंद्र उपाध्याय, गोरख यादव, राजकुमार मिश्रा, रणवीर यादव, ईति प्रजापति ने बधाई दी।