वाराणसी। मौसम की खराबी के कारण लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन प्रभावित हुआ। एयरपोर्ट के रनवे पर दृश्यता कम होने पर तीन विमानों को डायवर्ट कर दिया गया। मौसम साफ होने के बाद विमान दोबारा वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड कर सका। एयरपोर्ट से दो विमान कोलकाता तो एक विमान लखनऊ के लिए डायवर्ट करने पड़े।
सोमवार की देर शाम को एयर इंडिया का विमान एआई 695 मुंबई से उड़ान भर कर वाराणसी विमानतल पर दोपहर 12:40 बजे पहुंचा। एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने के कारण विमान को एक बजे लखनऊ एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। एयर इंडिया 406 दिल्ली से उड़ान भरकर वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा। दृश्यता कम होने के कारण विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया, वहीं स्पाइसजेट के विमान एसजी 201 मुंबई से उड़ान भरकर वाराणसी एयरपोर्ट पर 11:30 बजे पहुंचा और दृश्यता कम होने के कारण विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के लिए भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी एयरपोर्ट पर मौसम साफ नहीं होने के कारण विमान को लैंड करने में परेशानी हो रही थी जिसके कारण विमानों को अलग-अलग एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया था। एयरपोर्ट पर मौसम में सुधार होने के बाद विमान पुन: वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड किए।