बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में होने वाली कॉरपोरेट शाला में उद्योग जगत के दिग्गज जुटेंगे। छात्रों को कॉरपोरेट वातावरण और कौशल के बारे में जानकारी देने के लिए दो दिवसीय कार्यशाला की शुरुआत दो जून से होगी। इस शिक्षा जगत-उद्योग संवाद कार्यक्रम के दौरान हरित ऊर्जा के विभिन्न पहलुओं पर मंथन होगा।
प्रो. मृत्यंजय मिश्रा, प्रो. निधि मिश्रा और प्रो. जेबी कोमारैया ने बुधवार को जनसंपर्क कार्यालय में बताया कि अर्थशास्त्र विभाग में प्रश्नोत्तरी, पैनल चर्चा, पोस्टर-मेकिंग, लेख-लेखन, व्यावसायिक विचार, कहानी, स्टैंड-अप कॉमेडी व कविता प्रतियोगिताएं होंगी। तीन जून को कॉरपोरेट कोच राहुल मालोदिया, फ्लिपकार्ट के सहयोगी निदेशक सुमित प्रेमी, जिंदल स्टील के निदेशक विजय शर्मा, एलएंडटी के वित्त प्रमुख राजन सूरी, सस्टेनोमेट्रिक रजनी पांडेय, ओएनजीसी के बामदेव त्रिपाठी जैसी हस्तियां छात्रों से रूबरू होंगी और उनके सवालों का जवाब देंगी।
विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र दिया जाएगा। यह आयोजन छात्रों के ज्ञान को बढ़ाएगा, उन्हें उद्योग के विशेषज्ञों के साथ नेटवर्क स्थापित करने में मदद करेगा। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क है।