लालपुर-पांडेयपुर पुलिस और एसओजी ने की गिरफ्तारी
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। महिला से सोने का टप्स छीनने के मामले में लालपुर-पांडेयपुर पुलिस और एसओजी टीम ने आरोपी गणेश सोनकर और दीपक पाठक को मंगलवार रात ऐढ़े कांशीराम आवास के पीछे से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से आठ हजार रुपये और बाइक मिली। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार चौबेपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर मुस्तफाबाद निवासी गणेश सोनकर और चौबेपुर के पचराव का रहने वाला दीपक पाठक है। पीड़ित सुभाष कुमार अग्रहरि ने 16 जून को प्राथमिकी दर्ज कराई कि उनकी मां से पता पूछने के बहाने सत्यम नगर कॉलोनी में सोने का टप्स छीन लिया गया था। पुलिस सर्विलांस और सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों तक पहुंची है। दीपक पर 2020 में चोरी, धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित आरोपों में एक प्राथमिकी दर्ज है। 2022 में उस पर पशु तस्करी के तहत भी एक मामला पंजीकृत है। आरोपी गणेश सोनकर पर छिनैती के अलावा कोई मामला दर्ज नहीं है।