रामनगर के भीटी गांव स्थित एक ढाबा के पास मंगलवार को दोपहर में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक दंपती मनोज खरवार (35) और रीता खरवार (30) की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने दोनों का शव लालबहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने बताया कि दंपती ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में लगी गंभीर चोट दंपती की मौत का कारण बनी।
बिहार के भभुआ भतौनी निवासी मनोज पत्नी रीता देवी को दवा दिलाने के लिए बाइक से टेंगरा मोड़ स्थित एक हास्पिटल आ रहे थे। भीटी गांव स्थित ढाबे के पास पहुंचे तो ट्रक ने मनोज की बाइक पर टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक खड़ी कर चालक भाग निकला। पुलिस आई और मनोज के जेब से मिले मोबाइल की मदद से उनकी शिनाख्त हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दो बेटों के माता-पिता रीता और मनोज गांव स्थित प्राथमिक स्कूल के शिक्षक थे।
सड़क हादसे में युवक की मौत
मिर्जामुराद के राधारमण कुटी के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार की सुबह प्रयागराज से वाराणसी की तरफ जा रहे वाहन की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे युवक की मौत हो गई। युवक की शिनाख्त मऊ के रानीपुर निवासी पप्पू बेनवंशी (40) के तौर पर हुई। लोगों ने बताया कि तीन बच्चों का पिता पप्पू मिर्जामुराद बाजार में कई वर्षों से रह कर बांस की दउरी बना कर बेचता था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।