शहर की बिजली व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति की समस्या रही। कहीं ट्रांसफार्मर जल गया तो कहीं तारों पर पेड़ गिरा। कैंटोमेंट इलाके में एक मॉल के सामने बिजली के खंभे पर पेड़ गिरने से आपूर्ति प्रभावित हो गई। नाथूपुर मछली मंडी के पास लगे ट्रांसफार्मर में शनिवार शाम अचानक आग लग गई। ट्रांसफार्मर में आग लगते ही क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल हो गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसके चलते आपूर्ति प्रभावित हुई। लोगों के अनुसार जिस समय ट्रांसफार्मर में आग लगी उस समय हल्की बरसात हो रही थी। लगभग आधे घंटे तक ट्रांसफार्मर धू धू कर जलता रहा। लोगों की सूचना पर इलाके की बिजली काटी गई। एक घंटे बाद पहुंचे बिजली कर्मचारी सीढ़ी लगाकर बाल्टी के पानी से ट्रांसफार्मर को ठंडा कर रहे थे। ट्रांसफार्मर के बगल में ही सब्जी एवं मछली मंडी लगती है। ट्रांसफार्मर ब्लास्ट करता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। लोगों का आरोप है कि फोन करने के बाद भी फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचा। एक घंटे तक इंतजार करने के बाद बिजली कर्मचारी एवं स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया। शहर के अन्य वितरण केंद्रों से ट्रिपिंग की समस्या रही। मंडुवाडीह, गोदौलिया, चौक, मैदागिन, मच्छोदरी, काशी, कज्जाकपुरा, विद्यापीठ, नगर निगम, भदैनी, शंकुलधारा, रानीपुर, नरिया, डीपीएच, भिखारीपुर, करौंदी, कोईलहवा, अर्दली बाजार, पन्नालाल पार्क, पांडेयपुर, दौलतपुर, सांस्कृतिक संकुल, लेढ़ूपुर, शक्तिपीठ समेत तमाम उपकेंद्रों से बिजली की आवाजाही लगी रही।