जीएसटी में हुए बदलावों को लेकर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सोमवार को सिद्धगिरी बाग के एक होटल में बैठक की। सभी ने जीएसटी में संशोधन का स्वागत करते हुए इसकी विसंगतियों को दूर करने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि जीएसटी की दरों में किए गए संशोधनों से स्वास्थ्य, बीमा, ऑटोमोबाइल, होटल और जीवनोपयोगी वस्तुओं की कीमतों में कमी आने से आम नागरिकों को राहत मिली है। आने वाले त्योहारों और विवाह के सीजन में इससे बिक्री में बढ़ोतरी होगी। हालांकि जीएसटी के नियमों को सरल और व्यावहारिक बनाना भी जरूरी है, ताकि छोटे व्यापारी आसानी से प्रणाली को समझ सकें। बैठक में इस संबंध में आठ प्रमुख सुझाव सरकार के समक्ष रखे गए। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेम मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र गोयनका, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक जायसवाल, यू.आर. सिंह, गोकुल शर्मा, अनुज डिडवानिया समेत कई लोग मौजूद रहे।