छठवीं बार दुनिया के टॉप 600-800वीं रैंक में आया बीएचयू, रिसर्च क्वालिटी और टीचिंग में सुधार
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। बीएचयू इस साल छठवीं बार दुनिया के टॉप 600-800वें विश्वविद्यालयों के ग्रुप में आ गया है। टाइम्स हायर एजुकेशन रैंकिंग के अनुसार, बीएचयू जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) और दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) से भी एक रैंक ग्रुप आगे है। रिसर्च क्वालिटी और टीचिंग क्षमता में दोनों विश्वविद्यालयों से बेहतर प्रदर्शन किया है। हालांकि, इंडस्ट्री कनेक्शन में बीएचयू दोनों से 10-25 अंक से पीछे है। बीएचयू और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) की रैंकिंग 600-800 रैंक के बीच है, लेकिन रिसर्च एनवायरमेंट, टीचिंग और क्लीनिकल हेल्थ के मामले में एएमयू बीएचयू से पीछे है। पिछले साल के मुकाबले, 2024 में बीएचयू की टीचिंग, रिसर्च क्वालिटी और रिसर्च एनवायरमेंट में 1.5 अंक और इंटरनेशनल आउटलुक में 1.4 अंक की बढ़ोतरी हुई है। इस साल 200 रैंक पीछे खिसका जेएनयू बीएचयू में रिसर्च एनवायरमेंट समेत पांच बड़े पैरामीटर्स मेंं पिछले साल के मुकाबले सुधार हुआ है। हालांकि, रैंकिंग अभी भी छह साल से 600 से 800 के बीच है। जेएनयू पिछले साल के 600-800 रैंकिंग वाले ग्रुप से निकलकर 800-1000 रैंक ग्रुप में आ गया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी को पिछले साल 600-800 रैंक वाले ग्रुप में रखा गया था, लेकिन इस साल वो भी 800-1000 रैंक ग्रुप में आ गया है। अलीगढ़ यूनिवर्सिटी की रैंकिंग 600 से 800 के बीच है।