वाराणसी जिले के तीन बेसिक शिक्षकों को ग्रेटर नोएडा के एक होटल में एडुलीडर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। शैक्षिक नवाचारों को विद्यालय स्तर पर स्थापित करने वाले जनपदों के 13 डायट प्रवक्ताओं और 300 शिक्षकों को ‘हेमा वैल्यूज सेमिनार और आरआर एडुलीडर्स यूपी सम्मान 2024’ से सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
मुख्य अतिथि अभिनेता मनोज जोशी, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, राज्यमंत्री पीडब्ल्यूडी उत्तर प्रदेश कुंवर बृजेश सिंह और हेमा फाउंडेशन (मुंबई) के ट्रस्टी महेंद्र काबरा ने शिक्षकों को सम्मानित किया। एडुलीडर के संस्थापक डॉ. सर्वेश मिश्रा ने बताया कि समूह का उद्देश्य प्रदेश से नवाचारी शिक्षकों को ऐसा मंच प्रदान करना है, जिससे हम सब एक दूसरे के अच्छे और नवाचारी कार्यों को साझा कर सकें।
कार्यक्रम में काशी के तीन शिक्षक आराजी लाइन ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय गौरा के सहायक अध्यापक संजीव त्रिपाठी को एडुलीडर्स अवॉर्ड, सेवापुरी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय ठटरा (1) के सहायक अध्यापक अब्दुर्रहमान और आराजीलाइन के प्राथमिक विद्यालय जोगापुर की सहायक अध्यापिका रितुजा सिरोहिया को एडुलीडर्स कर्मयोगी अवॉर्ड से नवाजा गया। डायट प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ल, बीएसए डॉ. अरविंद पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी संजय यादव ने शिक्षकों को बधाई दी।