उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए तीनों युवकों को चौक पुलिस ने हिरासत में लिया। एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पांडेय ने बताया कि तीनों से पूछताछ की गई, इनके पास से कुछ बरामद नहीं हुआ। आईबी ने भी पूछताछ की है। फिलहाल उन्हें थाने पर बैठाया गया है।
गैर समुदाय के दो युवकों के श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में प्रवेश को लेकर एलआईयू, आईबी समेत अन्य एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। शाम से लेकर देर रात तक युवकों से पूछताछ हुई। झारखंड के गिरीडीह थाने से भी युवकों के बारे में पुलिस तस्दीक कराएगी। चौक पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए युवकों से हुई पूछताछ में मालूम चला कि तीनों को अजमेर शरीफ जाना था।
शाम को कैंट स्टेशन से उनकी ट्रेन थी। झारखंड से ट्रेन पकड़ने वाराणसी आए तो घाट और काशी विश्वनाथ धाम घूमने की लालसा में मंदिर तक आ गए। अपने दोस्त के संग गैर समुदाय के दो युवक भी कॉरिडोर में प्रवेश कर गए। गेट नंबर चार से बाएं होते हुए चौक की तरफ जा रहे थे।
तभी सुरक्षा में लगे सीआरपीएफ के एक दरोगा ने तीनों को देखा। शक होने पर रोक लिया गया। पुलिस के अनुसार युवकों के पास से कोई संदिग्ध या प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली। मोबाइल को कब्जे में लेकर खंगाला गया। आईबी अधिकारियों ने भी पूछताछ की।