काशी विश्वनाथ धाम के साथ ही शहर के पार्कों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, कचहरी सहित सार्वजनिक स्थानों पर हेल्थ एटीएम लगवाए जाएंगे। सीएमओ डाॅ. संदीप चौधरी ने बताया कि जनप्रतिनिधियों ने भी इसके लिए धनराशि दी है। इसमें बेनियाबाग, कंपनी बाग, शहीद उद्यान सिगरा सहित पांच पार्कों का चयन किया गया है। यहां सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक जांच की सुविधा रहेगी। कोई भी निर्धारित जगह पर पहुंचकर अपनी जांच करवा सकता है।
काशी विश्वनाथ धाम में बाबा का दर्शन पूजन करने के साथ ही अब श्रद्धालु अपनी सेहत का हाल भी जान सकेंगे। मंदिर परिसर में तीन हेल्थ एटीएम लगवाए जा रहे हैं। यहां वजन, रक्तचाप, खून संबंधी अलग अलग जांच लोग करा सकेंगे। पांच मिनट में उनके मोबाइल पर रिपोर्ट भी मिल जाएगी। इसके साथ ही शहर के पार्कों समेत सार्वजनिक स्थानों पर भी एटीएम लगवाए जाएंगे।
विज्ञापन
भागती दौड़ती जिंदगी के बीच हर कोई किसी न किसी तरह की शारीरिक समस्या से ग्रसित है। किसी का वजन बढ़ रहा है तो कोई ब्लड प्रेशर व शुगर से परेशान है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अधिक भीड़भाड़ वाली जगहों पर हेल्थ एटीएम लगवाने का निर्णय लिया गया है। हेल्थ एटीएम पर एक कर्मचारी की तैनाती होगी जिनके सहयोग से लोग अपनी जांच करवाकर तुरंत रिपोर्ट हासिल कर सकेंगे।
शहर के पार्कों, सार्वजनिक स्थानों पर भी मिलेगी यह सुविधा
काशी विश्वनाथ धाम के साथ ही शहर के पार्कों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, कचहरी सहित सार्वजनिक स्थानों पर हेल्थ एटीएम लगवाए जाएंगे। सीएमओ डाॅ. संदीप चौधरी ने बताया कि जनप्रतिनिधियों ने भी इसके लिए धनराशि दी है। इसमें बेनियाबाग, कंपनी बाग, शहीद उद्यान सिगरा सहित पांच पार्कों का चयन किया गया है। यहां सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक जांच की सुविधा रहेगी। कोई भी निर्धारित जगह पर पहुंचकर अपनी जांच करवा सकता है।
पहले से लगे एटीएम पर हीमोग्लोबिन जांच का संकट
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर में जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्थ एटीएम लगवाए गए हैं, वहां हीमोग्लोबिन जांच नहीं हो पा रही है। इसकी मुख्य वजह किट की कमी है। इस समय सीएमओ कार्यालय परिसर स्थित सीएचसी दुर्गाकुंड, सीएचसी चौकाघाट और पीएचसी बड़ागांव में हेल्थ एटीएम लगे हैं। यहां वजन, हड्डी, ब्लड प्रेशर आदि की जांच तो हो रही है लेकिन किट न होने की वजह से हीमोग्लोबिन की जांच नहीं हो पा रही है। सीएमओ ने बताया कि संबंधित स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी से किट मंगवा कर सभी तरह की जांच करवाने को कहा गया है।