सीएचसी चौकाघाट, आराजीलाइन पहली बार, चोलापुर को सातवीं बार अवॉर्ड माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। जिले के तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को राज्यस्तरीय कायाकल्प अवॉर्ड से नवाजा गया है। सीएचसी आराजीलाइन, शहरी सीएचसी चौकाघाट के साथ ही सीएचसी चोलापुर को भी 2022-23 का अवॉर्ड मिला है। चौकाघाट, आराजीलाइन को पहली बार जबकि चोलापुर सीएचसी को सातवीं बार सम्मान मिला है। अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलने वाली सुविधाओं के आधार पर राज्य और केंद्रीय स्तर पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें नंबर के आधार पर अवॉर्ड मिलता है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि तीनों सीएचसी को पुरस्कार के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि दी जाएगी। चोलापुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. आरबी यादव, आराजीलाइन सीएचसी के अधीक्षक डॉ. नवीन सिंह और शहरी सीएचसी चौकाघाट की अधीक्षक डॉ. फाल्गुनी गुप्ता को बधाई दी है।
अवॉर्ड में मिली धनराशि से बढ़ाएंगे सुविधाएं डॉ. आरबी यादव ने बताया कि सीएचसी को 88.14 फीसदी अंक मिले हैं। अवॉर्ड की धनराशि से मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं और पैथालॉजी को अधिक अच्छा बनाया जाएगा। आराजीलाइन से डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि 71.14 फीसदी अंक के साथ जो धनराशि मिली है उससे ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को बेहतर और प्रसव कक्ष का विस्तार कराया जाएगा। सीएचसी चौकाघाट की अधीक्षक डॉ. फाल्गुनी गुप्ता ने धनराशि से ऑपरेशन थिएटर को मॉड्यूलर ओटी में परिवर्तित करने की बात कही।