रोहनिया। टेलीग्राम पर टास्क जीतने का लालच देकर युवक से साढ़े तीन लाख रुपये जालसाज ने ठग लिए। पीड़ित ने सोमवार को थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बच्छाव निवासी समीर शर्मा के अनुसार उनके मोबाइल के व्हाट्सएप पर 26 अक्तूबर को माधवी के नाम से लिंक आया, जिसमें कहा गया कि घर बैठे मोबाइल पर कुछ टॉस्क दिया जाएगा, जिसे पूरा करने पर पारिश्रमिक खाते में भेजा जाएगा। शुरुआती दौर में 600 रुपये बैंक खाते में भेजा। पहले टास्क में 2000, दूसरे टास्क में 5000, तीसरे टास्क में 30000 रुपये भेजा। चौथा टास्क 80000 और पांचवा टास्क 250000 अपने बचत खाता से ट्रांसफर किया। इस प्रकार 367000 रुपये ट्रांसफर किया। इसके बदले 2000 रुपये वापस मिले। शेष 365000 रुपये वापस नहीं मिले, फिर मुझे 30 हजार रुपये और 480000 का टास्क पूरा करने को कहा गया, जिसे मैंने नहीं किया। इसके बाद धोखाधड़ी का एहसास हुआ। थाना प्रभारी पंकज कुमार अम्बष्ट के अनुसार मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद ली जा रही है।