विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी खंड के लिए अनंतिम मतदाता सूची दो दिसंबर को प्रकाशित की गई। इसे पहले बगैर विद्यालय के नाम से प्रकाशित किया गया। शिकायत के बाद 5 दिसंबर को विद्यालयों के नाम सहित अनंतिम मतदाता सूची जारी हुई। शिक्षक संघ ने इस सूची में फर्जीवाड़ा किए जाने के आरोप में चुनाव आयोग से संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के वाराणसी के नेता सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने बताया कि पिंडरा ब्लाॅक के अनंतिम मतदाता सूची में क्रम संख्या 36 पर अशोक कुमार यादव प्राइमरी स्कूल चंदापुर भदोही, क्रम संख्या 131 पर मनोज कुमार प्राइमरी स्कूल नारायनपुर लिखा गया है। इसी प्रकार अन्य ब्लॉकों में गड़बड़ी हुई है। चोलापुर के सुभाष इंटर कॉलेज, चौबेपुर में बनाए गए मतदाताओं में कुल 16 नाम उक्त विद्यालय में शिक्षक ही नहीं है। वाराणसी के ही विकासखंड, चिरईगांव में स्थित विद्यालय श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज, जाल्हुपुर के नाम पर कुल 58 मतदाता बनाए गए हैं। इसमें 30 मतदाता ऐसे हैं जो उस विद्यालय में शिक्षक ही नहीं हैं। संघ ने चुनाव आयोग को लिखे पत्र में मांग की है कि अनंतिम मतदाता सूची को निरस्त किया जाए।