वाराणसी। बीएचयू के रुईया हॉस्टल में एक डॉक्टर के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म, लूट और रंगदारी मांगने के मामले में लंका थाने की पुलिस ने मंगलवार की रात तीसरे आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी से पुलिस टीम पूछताछ कर रही है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
कंदवा बाजार क्षेत्र निवासी एक डॉक्टर और बीएचयू के संस्कृति विद्या धर्म विज्ञान संकाय के छात्र श्रीमन नारायण शुक्ला व सूरज दूबे की दोस्ती ग्रिंडर और फेसबुक मैसेंजर एप के माध्यम से हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ा तो डॉक्टर को गत 11 जनवरी को फोन कर रुईया हॉस्टल में एक छात्र की तबीयत खराब होने का हवाला देकर बुलाया गया। हॉस्टल पहुंचे तो उन्हें एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया गया। कमरे में श्रीमन नारायण और सूरज दूबे ने अपने दोस्त गोविंद पासवान, सौरभ यादव व अवनीश मिश्रा के साथ उन्हें धमका कर निर्वस्त्र कर दिया। उसके बाद अप्राकृतिक दुष्कर्म कर वीडियो बनाया। उनके पास मौजूद 20 हजार रुपये और सोने की चेन व अंगूठी छीन ली गई। ऑलनाइन 15 हजार रुपये लिए। एक रिश्तेदार से 25 हजार रुपये मंगवाए। जबरन पत्र लिखवाया गया कि उन्होंने रुईया हॉस्टल आकर एक छात्र से अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। इसके बाद वीडियो और चिट्ठी वायरल करने की धमकी देकर और पैसे मांगने लगे। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने सोमवार को श्रीमन नारायण और सूरज को गिरफ्तार किया था। दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मेडिकल मुआयना के दौरान डॉक्टर को धमकाया आरोपी श्रीमन नारायण शुक्ला और सूरज दूबे को अदालत में पेश करने से पहले भेलूपुर स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय अस्पताल में मेडिकल मुआयना के लिए ले जाया गया। इस दौरान दोनों डॉक्टर से ही उलझ गए। दोनों ने जेल से जमानत पर छूट कर आने के बाद डॉक्टर को भी देख लेने की धमकी दे दी।