वाराणसी। कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल से चोरी का एक आरोपी जीआरपी को चकमा देकर भाग निकला। हालांकि, कुछ युवकों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। जीआरपी कैंट ने लंका थाना के छित्तूपुरा निवासी रतन को पकड़ा था। उस पर कैंट रेलवे स्टेशन पर चोरी का आरोप है। सोमवार को रेलवे पुलिस के जवान शिव मोहन पासवान और मोहम्मद मसूक उसे चिकित्सीय जांच के लिए ले आए। पौने चार बजे अस्पताल पहुंचने के बाद पर्चा कटवाते समय रतन इमरजेंसी वार्ड से भागने लगा। जीआरपी कर्मियाें ने शोर मचाया और उसका पीछा किया। चोर अस्पताल के गेट से बाहर निकलकर सड़क पार कर एक गली की ओर भागा। पुलिस के शोर मचाने पर आसपास मौजूद कुछ युवकों ने तेजी से दौड़कर चोर का पीछा किया। उन्होंने गली में रतन को पकड़ लिया। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस के पास इस तरह की कोई सूचना नहीं आई थी। ब्यूरो