वाराणसी। चंदौली हाईवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रकों के चालकों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने हृदयपुर अंडरपास के पास से किशन राजभर और अविनाश दीक्षित को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 14 मोबाइल और 48,100 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी ट्रकों से मोबाइल चोरी करता था, जबकि दूसरा चोरी के मोबाइल कम कीमत पर खरीदकर खपाता था। पुलिस के मुताबिक, बेनीपुर निवासी किशन चंदौली हाईवे के किनारे खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाता था। रात में ट्रक चालकों के सोने या असावधान होने का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी कर लेता था। चोरी के मोबाइल अशोक विहार कॉलोनी निवासी अविनाश दीक्षित को औने-पौने दाम में बेच देता था। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि किशन के खिलाफ 2020 में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज हुआ था। 2022 में उसके खिलाफ साजिश और अपहरण से लेकर तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। ब्यूरो