दीपों के पर्व दीपावली की शृंखला में केसरवानी वैश्य नगर सभा की ओर से दीपावली समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर समन्वय रहेगा। केसरवानी वैश्य नगर सभा वाराणसी का 46वां वार्षिकोत्सव, दीप महोत्सव एवं वैवाहिक परिचय समारोह 26 अक्तूबर को गणेश मंडपम नाटी इमली में होगा। यह जानकारी नगर सभा के अध्यक्ष गुलाब चंद्र केशरी ने शुक्रवार को महमूरगंज स्थित एक होटल में पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता, सहयोग और प्रगति की भावना को सशक्त बनाना है। कोषाध्यक्ष प्रदीप केशरी और महामंत्री राजेश केशरी ने बताया कि दीपावली का यह आयोजन समाज की एकता, संस्कार और प्रगति का प्रतीक बनेगा। समारोह के मुख्य अतिथि प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी होंगे। अध्यक्षता राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. एमके गुप्ता (अखिल भारतीय केसरवानी वैश्य महासभा) करेंगे। समारोह में विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सत्र होगा। महिलाएं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। वहीं, 2025 में प्रथम श्रेणी प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में बनारस के अलावा प्रयागराज, कौशांबी, पटना, मिर्जापुर से समाज के लोग शामिल होंगे।