काशी विद्यापीठ के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की शैक्षिक सलाहकार समिति की बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर अन्य संस्थानों के साथ मिलकर कार्यक्रम करने की जरूरत है। इससे शिक्षकों के साथ ही विद्यार्थियों को भी बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। विवि के राधाकृष्णन सभागार में बुधवार को हाइब्रिड माध्यम में हुई बैठक में कुलपति ने प्रशिक्षण केंद्र के तहत चलने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की। कुलपति ने कहा कि कार्यक्रम को विषय विशेष पर केंद्रित किए जाने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 उन्मुखीकरण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम को अन्य संस्थान के साथ मिलकर आयोजित कराना चाहिए। बैठक में प्रो. अरविंद कुमार पांडेय, प्रो. शिवराज सिंह, प्रो. अमिता पांडेय भारद्वाज, प्रो. प्रकाश जोशी, प्रो. गोपाल प्रसाद नायक रहे।