वाराणसी में नगर निगम के पास बदहाल सड़क
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी नगर निगम कार्यालय से पांच सौ मीटर की दूरी पर सड़कों पर गड्ढे हैं। इस मार्ग का इस्तेमाल स्वयं नगर निगम के अधिकारी रोज करते हैं। खास बात यह है कि मुख्य अभियंता जिन्हें सड़क बनवाने की जिम्मेदारी दी गई है वह भी रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन इस ओर उनका ध्यान नहीं जाता। उनके वाहन में लगे शॉकर की वजह से गड्ढों का पता नहीं चलता होगा। जबकि जनता इन गड्ढों से त्रस्त है।
शहर में कई ऐसे इलाके हैं, जहां सड़कें खराब हैं। न केवल स्थानीय जनता बल्कि पार्षदों ने भी कई बार शिकायतें की हैं। अस्सी के लोगों ने कई बार इन गड्ढों की शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मुख्य अभियंता मोइनुददीन ने कहा कि बारिश के पूर्व कई सड़कों का निर्माण कराया गया है। जहां-जहां से पार्षदों ने शिकायत की है उन सड़कों की भी मरम्मत कराई जाएगी। नगर निगम के आसपास भी गड्ढे भरे जाएंगे।
नगर निगम के अधिकारियों से खराब सड़कों को लेकर कई बार शिकायत की गई है। लोगों को काफी दिक्कत होती है। आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही निर्माण कराएंगे। -
शशि सोनकर, पार्षद, शिवपुरवा
बारिश के पहले ही सड़कों का निर्माण हो जाना चाहिए था, लेकिन कुछ नहीं हुआ। जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। कई बार लोग गड्ढे में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। -
रामनारायण नगर निगम
सड़कों की हालत खराब है। प्रधानमंत्री आ रहे हैं तो शायद कुछ इलाकों का कायाकल्प हो जाएगा। सड़क बनी नहीं की खोदाई करने वाली एजेंसियां आ जाती हैं। -
ओमप्रकाश चौरसिया छित्तपूर