स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों के स्थानांतरण पर यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नाराजगी जाहिर की है। सोमवार को इसके विरोध में मंडलीय अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मचारी सुबह 11 से शाम 3 बजे तक कार्य बहिष्कार पर रहे। इस वजह से कामकाज भी प्रभावित रहा। मंडलीय अस्पताल में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने स्थानांतरण में नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है। चेतावनी दी कि नियम के विपरीत स्थानांतरण निरस्त नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। 15 जुलाई को आदेश के तहत वाराणसी में तैनात कुछ कर्मचारियों को महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर तो कुछ को प्रदेश के विभिन्न जिलों में भेजा गया है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि शासन ने स्थानांतरण के निर्देशों की अनदेखी की है। प्रांतीय नेतृत्व की ओर से मुख्यमंत्री को पत्रक दिया गया है। बैठक में संरक्षक केएन गोस्वामी, पूर्णेंदु उपाध्याय, जगदीश प्रसाद, अजीत कुमार, विजय रघुवंशी, विजय कुमार, रेनू श्रीवास्तव, सीमा सिंह, रेनू राय आदि मौजूद रहे।