नए साल में रोडवेज में संविदा चालकों और परिचालकों को बड़ी सौगात मिलेगी। विभाग ने उनके पारिश्रमिक और प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी की है। 1 जनवरी 2026 से प्रति किमी भुगतान दर को 2.18 रुपये से बढ़ाकर 2.28 रुपये प्रति किमी कर दिया जाएगा। रोडवेज की उत्तम व उत्कृष्ट प्रोत्साहन योजना में भी संशोधन किया गया है। नई व्यवस्था के बाद संविदा चालक और परिचालक अब 18,687 रूपये से लेकर 21,687 रुपये मासिक तक की कमाई कर सकेंगे। नए आदेशानुसार 10 वर्ष पूरे कर चुके संविदाकर्मियों को प्रति माह 750 जबकि 20 वर्ष से अधिक सेवा वाले चालकों को प्रति माह 1500 रुपये का लॉयल्टी इंसेंटिव दिया जाएगा। अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां यह राशि 3000 रूपये थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 4000 रूपये प्रति माह कर दिया गया है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय नग बताया कि नए आदेश से संविदाकर्मियों की मासिक आय में हजारों रुपये का सीधा लाभ होगा, जिससे महंगाई के दौर में राहत मिलेगी।