गाजीपुर। दिन में धूप होने के बाद भी रविवार को लोग गलन से बेहाल दिखे। खिली धूप के बीच चल रही बर्फीली पश्चिमी हवाओं के कारण लोग कंपकंपी का एहसास कर रहे थे। दूसरी तरफ सुबह और शाम के पहर कोहरे का स्पष्ट प्रभाव देखने को मिला। लोगों को अभी ठंड से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 16.3 और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। वहीं पूरे दिन पश्चिमी हवा चलती रही। ठंडी पश्चिमी हवा चलने के कारण दिन में भी गलन का एहसास हो रहा था। जबकि दिन में खिली हुई धूप थी। शाम ढलने के बाद गलन भी बढ़ गई। गलन बढ़ने के बाद लोगों को काफी दिक्कत होने लगी। जिसके बाद लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। इसके कारण सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। वहीं लोग राहत पाने के लिए घरों में रूम हीटर का सहारा लेते हुए दिखाई दिए। ठंड के कारण इंसान ही नहीं पशु-पक्षी भी बेहाल हैं। यही कारण है कि सार्वजनिक स्थानों पर जहां अलावा जल रहे हैं, वहां पर इंसानों के अलावा मवेशियों को भी आग तापते हुए देखा जा रहा है।
सेनानी एक्सप्रेस 7 घंटे रही विलंबित
गाजीपुर। वाराणसी-छपरा रेलखंड पर कोहरे के कारण ट्रेनों के विलंबित रहने का दौर जारी है। 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस सात घंटे विलंबित रही। जबकि 22428 भृगु एक्सप्रेस छह घंटे विलंबित रही।