दिन में तीखी धूप ने शहरवासियों को परेशान किया। वहीं शाम में बारिश होने पर गर्मी से व्याकुल लोगों ने राहत महसूस की। शाम करीब साढ़े पांच बजे गरज-चमक के साथ शहरी और ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश हुई। इससे किसानों के चेहरे भी खिल उठे। हालांकि 10 मिनट में ही बारिश थम गई।
पिछले तीन दिन से तीखी धूप और हवा की मंद गति से लोगों को भादो में जेठ सी गर्मी का अहसास हो रहा था। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सितंबर महीने औसत बारिश का मानक 246 मिलीमीटर है, लेकिन इस माह के 13 दिन में महज 70 मिलीमीटर बारिश ही हुई है। इसके साथ ही तापमान में उछाल देखने को मिला है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 36.5 और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार शनिवार तक मौसम परिवर्तन के आसार नहीं हैं। सितंबर में फिलहाल अच्छी बारिश की संभावना नहीं दिख रही है।