कुदरा पुलिस ने मंगलवार को एक शातिर ठग को पटना से गिरफ्तार किया है। ठग स्वयं को कभी एसपी तो, कभी डीएसपी बनकर लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर पैसा ऐठता था। यहां तक कि बिहार के कई थाना प्रभारियों पर भी एसपी और डीएसपी कहकर रौब झाड़ चुका है। गिरफ्तार जालसाज सन्नी कुमार सौरभ कैमूर जिले के बेलाव गांव का निवासी है। कैमूर के एसपी राकेश कुमार के अनुसार झारखंड के पलामू जिला के हैदर नगर निवासी कुंदन कुमार ने चार सितंबर को कुदरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें उन्होंने बेलाव थाना निवासी सन्नी कुमार सौरभ पर नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख तीस हजार रुपया ठगी करने का आरोप लगाया। आरोपी ने खुद को पुलिस का उच्चाधिकारी बताकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी अब तक विभिन्न लोगों से करीब पचास लाख रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है। एसपी ने बताया कि आरोपी के पास से तमंचा, गांजा और कारतूस भी बरामद हुआ।