हॉकी इंडिया की ओर से 15वीं सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप चेन्नई में खेली गई। इसमें काशी के हॉकी खिलाड़ी अंकित और किशन की जोड़ी ने यूपी को कांस्य पदक जीताया। 28 जुलाई से आठ अगस्त तक हुई प्रतियोगिता में यूपी टीम में वाराणसी के अंकित यादव ने गोलकीपर और किशन सरोज ने हाफ बैक पोजीशन से खेला। दोनों खिलाड़ी विकास इंटर कॉलेज के छात्र हैं और उप क्रीड़ा अधिकारी अकरम महमूद की देखरेख में लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में प्रशिक्षण लेते हैं। यूपी के पदक जीतने पर हॉकी वाराणसी अध्यक्ष डॉ. एके सिंह और सचिव केबी रावत ने खुशी जाहिर की। कहा कि वाराणसी से ओलंपियन मोहम्मद शाहिद, विवेक सिंह, राहुल सिंह और ललित उपाध्याय जैसे हॉकी खिलाड़ी निकले हैं। वर्तमान समय में सब जूनियर और जूनियर स्तर पर भी काफी खिलाड़ी आगे आ रहे हैं। काशी में बीएचयू, बरेका, डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम, बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गंगापुर और विवेक एकेडमी में बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ी हॉकी का प्रशिक्षण लेते हैं।