वाराणसी। पोस्ट आफिस में डाक जीवन बीमा के नाम पर पैसा जमा कर उसे हड़पने और धमकाने के मामले में अदालत के आदेश से कोहासी निवासी कमलेश कुमार सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई भटपुरवा कला की रहने वाली नगीना देवी के प्रार्थना पत्र पर की गई है।
नगीना देवी के अनुसार कमलेश कुमार सिंह के घर में पोस्ट आफिस है। कमलेश ने वर्ष 2001 में 166 रुपये प्रतिमाह की दर से उनका 25000 का डाक जीवन बीमा कराया था। वह हर माह पैसा जमा करती चली गईं। बीमा का समय पूरा होने पर नगीना ने कमलेश से पैसा दिलाने को कहा तो उसने सादे कागज पर अंगूठा लगवा कर कहा कि आपका पैसा दूसरी स्कीम में ट्रांसफर कर दे रहे हैं। पैसा दोगुना होकर वर्ष 2020 में मिलेगा। अब पैसा मांगने पर कमलेश जानमाल की धमकी देता है। इस संबंध में चोलापुर थानाध्यक्ष परमहंस गुप्ता ने बताया कि अदालत के आदेशानुसार मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।