डोमैला गांव के समीप बदमाशों ने बुधवार की रात ऑटो चालक के सिर पर ईंट से वार कर ऑटो लूट ली। पर्स, मोबाइल और ऑटो लूटने के बाद बदमाश भाग निकले। पीड़ित की तहरीर के आधार पर बृहस्पतिवार को मिर्जामुराद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। सर्विलांस और सीसी कैमरे के आधार पर पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
राजातालाब थाना अंतर्गत चंदापुर गांव निवासी राजेंद्र सैनी के अनुसार वह किराए पर ऑटो लेकर रात में ऑटो चलाता है। रात में कैंट स्टेशन के सामने दो युवकों ने 500 रुपये में कपसेठी के लिए ऑटो बुक किया। कपसेठी पहुंचने के बाद बदमाशों ने कछवा रोड चलने के लिए बोला, डोमैला गांव के समीप ऑटो से पहुंचा ही था कि दोनों युवकों ने रोक लिया। इस बीच पीछे से सिर पर ईंट से वार किया। अचेत होने के बाद मोबाइल, पर्स और ऑटो लूट कर फरार हो गए। संवाद