छठ पर बाजार गुलजार रहा। सोमवार की सुबह से थोक से लेकर फुटकर के बाजारों में भीड़ नजर आई। बाजार में पूजन सामग्री, फल-फूल की खरीदारी हुई। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार छठ पर 1.25 लाख से अधिक सूप और दउरा बिके हैं। वहीं, फलों और अन्य सामानों की जबरदस्त तरीके से खरीदारी हुई है। शहर के विशेश्वरगंज, सिगरा, लंका, गोदौलिया, महमूरगंज, चितईपुर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में भीड़ रही। कारोबारियों के मुताबिक, पिछली बार की अपेक्षा इस बार फलों के दामों में तकरीबन 15-20 प्रतिशत की वृद्धि हुई। विशेश्वरगंज थोक सब्जी मंडी के फल विक्रेता रमेश सोनकर ने बताया कि सामान्य दिनों में 100 रुपये किलो बिकने वाला सेब अब 160 से 200 रुपये किलो तक बिका। अनार का भाव भी 160 से बढ़कर 250 रुपये प्रति किलो तक रहा। वहीं, जो गन्ना सामान्य दिनों में 10 से 15 रुपये का मिलता था, सोमवार को वह 20 से 30 रुपए प्रति नग बिका। फूल मंडियों में भी लोगों की काफी रौनक देखने को मिली। मलदहिया और बांसफाटक फूलमंडी में माला और फूल की दिनभर खरीदारी हुई।